
रायपुर । नया रायपुर के सेक्टर-17 स्थित कायाबांधा इलाके में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सामने से आ रही मारुति सेलेरियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं।
हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुआ। इनोवा गाड़ी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक डीआईजी अधिकारी के नाम पर रजिस्टर्ड है, लेकिन हादसे के वक्त वाहन में कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी बालकों अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
