
दुर्ग । खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य 19 मई से शुरू होने जा रहा है, जो 20 जून तक चलेगा। इस दौरान यातायात प्रभावित रहेगा, इसलिए यात्रियों और आगंतुकों के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी आवश्यक है।
खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य के लिए 19 मई से 30 मई तक ब्रिज के नीचे के बेयरिंग को बदलने का कार्य रात्रि 2 बजे से 4 बजे तक किया जाएगा, जिसके लिए दुर्ग से रायपुर आने वाला ब्रिज 2 घंटे के लिए बंद रहेगा। इसके बाद 1 जून से 20 जून तक ब्रिज के ऊपर एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने, डामर उखाड़ने और रेलिंग बदलने का कार्य 24 घंटे चलेगा, जिसके लिए दुर्ग से रायपुर आने वाला ट्रैफिक बाधित रहेगा।
इस दौरान ब्रिज को डिवाइडर लगाकर दो भागों में बांटा जाएगा, जिसमें एक लेन में मरम्मत कार्य चलेगा और दूसरी ओर सिंगल लेन में ट्रैफिक चलता रहेगा। इससे जाम की स्थिति निर्मित हो सकती है, इसलिए यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी जाती है।
वैकल्पिक मार्ग के रूप में भिलाई सेक्टर एरिया से उतई-सेलूद-दौर-घुघुवा-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर रायपुर, पुरानी भिलाई चौक से ग्राम सिरसा-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर-रायपुर और रायल खालसा से ग्राम उरला-परसदा-अमलेश्वर-रायपुर का उपयोग किया जा सकता है।