
भिलाईनगर। नगर पालिका निगम भिलाई क्षेत्र में कल सुबह 7ः30 बजे से सभी जोन के जोन कमिश्नर और यातायात विभाग के अधिकारीगण की उपस्थिति में संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। जो भी पुराने कंडम वाहन सड़क के ऊपर रखे गए हैं, उन्हें एक बार नोटिस देकर हटा दिया जाएगा। इन वाहनों के कारण आवागमन में बहुत परेशानी हो रही है। ट्रैफिक जाम लग जाता है और दुर्घटनाएं होती है।

बहुत सारे गैरेज वाले, मिस्त्री वाहन बनाने वाले, दुकान वाले, पुराने वाहन बेचने वाले, जो वाहन पुराने हो गए हैं। उन सब वाहनों को सड़क के किनारे या सर्विस रोड में या ब्रिज के नीचे कहीं पर खड़ा कर दिए हैं। उन सभी वाहनों का जप्ती बनाया जाएगा, इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी वाहन मालिक की होगी। उच्चतम न्यायालय का भी निर्देश है कि सड़क के ऊपर किसी प्रकार बाधा हो तो उसे तुरंत हटाया जाए। जिससे आवागमन में कोई परेशानी ना हो और किसी प्रकार की दुर्घटना ना हो।

निगम प्रशासन संयुक्त रूप से वाहन हटाने की कार्यवाही करने जा रही है। आज आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, उपयुक्त नरेंद्र बंजारे, जोन कमिश्नर अजय सिंह राजपूत, येशा लहरे, सतीश यादव, रवि सिन्हा, कुलदीप गुप्ता के साथ निगम के चीफ इंजीनियर भागीरथी वर्मा, अधीक्षक अभियंता दीपक जोशी, डीके वर्मा, प्रभारी यातायाता आकाश गंगा जोन के उपनिरीक्षक यशवंत राठौर, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार दुबे, आरक्षक विजय शर्मा, तिलक साहू एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई। सभी लोगों का मत था की पुराने कंडम वाहनों को सड़क पर से हटाया जाए, इससे नगर की शोभा बिगड़ रही है। दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है, सभी से सहयोग की अपेक्षा है। वाहन मालिक स्वयं से अपना वाहन हटा लें नहीं तो निगम उसे जप्ती बना लेगा। नगर निगम अधिनियम 1956 एवं यातायात विभाग के नियमों के अनुसार उसकी नीलामी कर दी जाएगी। महापौर नीरज पाल एवं परिषद के सदस्यों ने इस अभियान की सराहना की, यह बहुत ही आवश्यक है शहर के नागरिकों के लिए।