
भिलाई । छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना उनके निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने वर्ष 2008 में पहली बार अहिवारा से विधायक बनकर राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2023 में वे दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए। अक्टूबर 2025 में उन्हें छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
उनके निधन से भाजपा सहित पूरे अहिवारा क्षेत्र में शोक का माहौल है।