
तखतपुर । तखतपुर में एक किसान पर शेर ने हमला कर दिया, जिससे किसान के सिर, कंधे और हाथ में गंभीर चोट आई है। यह घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट में घटी, जहां किसान शिव कुमार जायसवाल धान की फसल की रखवाली करने खेत गया था। शेर के हमले से बेहोश हुआ किसान होश में आने पर परिजनों को फोन के जरिए घटना की जानकारी दी।
किसान को उपचार के लिए तखतपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, और वन विभाग की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगा हुआ है, क्योंकि विभाग को क्षेत्र में शेर की मौजूदगी की भनक तक नहीं थी।