धरे गए शातिर चोर, कुकदूर पुलिस ने दो चोरी के मामलों का किया खुलासा


सत्येंद्र बडघरे, कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के मार्गदर्शन में कुकदूर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम ढपरापानी और छींदीडीह में बैगा परिवारों के सूने मकानों से चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत पुलिस को मिली थी। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी होण्डा साइन मोटरसाइकिल से वनांचल क्षेत्रों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करता था। ग्रामीणों के खेती-किसानी के काम से घर से बाहर जाने के बाद वह सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के रुपये सहित अन्य चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
कुकदूर पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा सहित कुकदूर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घर की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद कर मजबूत ताला लगाएं। घर में रखे कीमती जेवरात और अन्य सामान को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा लंबे समय तक घर बंद रखने की स्थिति में आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *