छत्तीसगढ़ में पत्नी ने पति की हत्या कर दी, चरित्र शंका के कारण हुए झगड़े के बाद टांगिया से किया जानलेवा हमला

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के मरवाही थाना क्षेत्र के बघररा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र शंका से जुड़े रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर एक पत्नी ने अपने ही पति की टांगिया मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी ने खुद अपने बेटे को घटना की जानकारी दी और फिर थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान घोरे लाल पूरी के रूप में हुई, जो अपनी पत्नी वेदकुवर पूरी पर आए दिन शक करता था। दोनों के बीच इसी कारण अक्सर विवाद होते रहते थे। घटना के दिन गांव में धनीराम नामक व्यक्ति के घर पर छठी का कार्यक्रम था, जिसमें यह दंपति भी शामिल हुआ था।

कार्यक्रम से लौटने के बाद घोरे लाल ने एक बार फिर पत्नी के चरित्र पर सवाल खड़े कर दिए। उसने आरोप लगाया कि धनीराम के घर आए मेहमानों से पत्नी के संबंध हो सकते हैं। इस बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई, लेकिन बाद में घोरे लाल सोने चला गया।

गुस्से में पत्नी ने कर दिया जानलेवा वार घरेलू झगड़ों और चरित्र पर लगातार लगाए जा रहे इल्ज़ामों से परेशान वेदकुवर पूरी का गुस्सा फूट पड़ा। जब उसका पति गहरी नींद में था, तब उसने घर में रखे टांगिया से उसके गले पर दो वार कर दिए। घातक हमले से घोरे लाल की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद वेदकुवर घर से बाहर निकलकर रोने लगी। इसी बीच, उसका बेटा राजकुमार पूरी घर लौटा। मां ने उसे पूरी घटना बताई, जिसके बाद राजकुमार ने परिवार को सूचना दी और अपनी मां को लेकर थाने पहुंचा।

आरोपी पत्नी ने कबूल किया जुर्म मरवाही पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वेदकुवर पूरी पति की लगातार शंका और प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *