
बलरामपुर । बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में उड़ानदस्ता टीम ने तेंदुआ और भालू के खाल और मांस की अवैध बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में हाथी दांत की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार (रहवासी बभनी, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश) और रामबचन (रहवासी पुरानीडीह, रामानुजगंज) के रूप में हुई है। उड़नदस्ता टीम ने आरोपी तस्कर अनिल कुमार से पल्सर वाहन क्रमांक UP 64 AD 0806 और रामबचन से स्कूटी क्रमांक CG 30 E 1027 को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
यह कार्रवाई बलरामपुर वन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से वन्य प्राणियों के खाल और हाथी दांत की तस्करी की शिकायतें मिलने के बाद की गई है। सरगुजा उड़नदस्ता टीम ने क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।