कांकेर में छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिरकर छात्रा गंभीर रूप से घायल

कांकेर । कांकेर जिला मुख्यालय में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की एक छात्रा छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद छात्रा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

छात्रा के सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है, लेकिन यह हादसा कैसे हुआ इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा तबियत खराब होने की वजह से स्कूल नहीं गई थी और सुबह करीब साढ़े 9 बजे छत पर थी तभी अचानक वो नीचे आ गिरी।

इस दौरान नीचे काम कर रहे मजदूरों ने देखा और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां गंभीर चोट को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।

हालांकि, छत की बाउंड्रीवाल 3 फिट ऊंची होने के कारण पैर फिसलने से हादसा होने की संभावना नजर नहीं आ रही है, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। फिलहाल अधिकारी मामले की जांच की बात कह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *