दुर्ग रेंज में दोषमुक्ति के मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित

दुर्ग । दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग की अध्यक्षता में दोषमुक्ति के मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन चर्चा हुई, जिसमें जमानत पर रिहा हुए आरोपियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री राम कृष्ण साहू और पुलिस अधीक्षक बालोद श्री एस. आर. भगत ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए, जबकि अन्य पुलिस अधिकारी, लोक अभियोजक और संबंधित अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विवेचकों को निर्देशित किया गया कि वे साक्ष्य संकलन और कानूनी प्रक्रियाओं में अधिक सतर्कता और गंभीरता बरतें। दोषमुक्ति वाले प्रकरणों में अपील दायर करने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं और प्रमाणिकता पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा, गंभीर अपराधों और एनडीपीएस एक्ट के विवेचना के मामलों में अधिक से अधिक मामलों में दोषसिद्धि हेतु दिशनिर्देश जारी करने के संबंध में निर्देश दिए गए। लोक अभियोजकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे न्यायालय में विचारण के दौरान महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करें और साक्ष्यों की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें।

पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यों में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करें, ताकि न्यायिक प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी और सुदृढ़ हो सकें। यह बैठक अपराध नियंत्रण, दोषमुक्ति की समीक्षा और न्यायिक प्रक्रियाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *