
रायपुर । आज 1 नवंबर को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए एक खास दिन है, क्योंकि इसी दिन मध्यप्रदेश नया राज्य बना था और 1 नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ का नए राज्य के रूप में गठन हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “समस्त छत्तीसगढ़वासियों को राज्य के स्थापना दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं.” उन्होंने छत्तीसगढ़ की वैभवशाली लोक परंपरा और जनजातीय संस्कृति के अद्भुत संगम की सराहना करते हुए यह भी लिखा कि यह प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता रहे, यही उनकी कामना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, “हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के निवासियों को स्थापना दिवस पर मैं हार्दिक बधाई देती हूं। मेरी मंगलकामना है कि इन सभी राज्यों तथा संघ राज्य क्षेत्रों के लोग देश की विकास यात्रा में योगदान देते रहें और उनका जीवन शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।”
आज मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप का भी स्थापना दिवस है। दोनों राज्यों में आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है।