
दंतेवाड़ा । दंतेवाड़ा जिले के हिरोली गांव में एक दर्दनाक घटना घटी, जहां डीआरजी जवान के भाई पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला किया. हमलावरों ने जवान के घर में घुसकर उनके भाई लक्ष्मण कुंजाम पर धारदार हथियार से कई वार किए.
इस घटना के दौरान हमलावरों ने “लाल सलाम” के नारे लगाए, जिससे नक्सलियों की संलिप्तता की आशंका बढ़ गई है. घटना में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मंगलवार देर रात डीआरजी जवान के घर अज्ञात हमलावर घुस गए और उनके भाई लक्ष्मण कुंजाम पर धारदार हथियार से कई वार किए. बेरहमी से घायल करने के बाद आरोपी लक्ष्मण को मृत समझकर वहां से फरार हो गए.
घटना के बाद परिजनों ने लक्ष्मण को तुरंत किरंदुल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया. फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि जांच नक्सल गतिविधियों और व्यक्तिगत रंजिश दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है.