कोरबा में दंपति के बीच महतारी वंदन योजना की राशि को लेकर विवाद, पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में एक दंपति के बीच महतारी वंदन योजना की राशि को लेकर विवाद हुआ, जिसमें पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

ग्राम सैला की रहने वाली सुन्नी बाई को महतारी वंदन योजना के तहत प्रति माह एक हजार रुपये मिल रहे थे। सुन्नी बाई और उसके पति महिपाल धुनुहार उर्फ महिलाल ने बैंक से एक हजार रुपये निकाले और दो सौ रुपये खर्च कर शराब खरीदकर एक साथ पी। इसके बाद सुन्नी बाई ने बचे हुए आठ सौ रुपये मांगे, जिस पर पति ने कहा कि सब खर्च हो गए।

इसी बात पर दोनों में विवाद बढ़ गया और पति ने मुक्के से पत्नी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वह बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद सुन्नी बाई को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद प्रारंभिक पड़ताल के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *