
रायपुर। केंद्रीय इस्पात एवं प्रभारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नगरनार स्टील प्लांट का निरीक्षण किया. उन्होंने एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्लांट से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट का निजीकरण नहीं होगा.
कुमार स्वामी ने कहा, “सरकार निजीकरण के बारे में नहीं सोच रही है, बल्कि यह सोच रही है कि कैसे नगरनार स्टील प्लांट को और मजबूत बनाया जा सके.” उन्होंने कहा कि इस दिशा में कार्ययोजना तैयार हो इसलिए ही वह नगरनार प्लांट के निरीक्षण और काम को समझाने आए हैं.
वहीं पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कुमार स्वामी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में अंतर होने की बात कही है. उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बस्तर दौरे के दौरान किए गए वादों का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि नगरनार स्टील प्लांट बस्तरवासियों का है और इसका निजीकरण नहीं होगा.
जैन ने दावा किया कि एनएमडीसी के तहत नगरनार स्टील प्लांट का डिसइनवेस्टमेंट विनिवेश जारी है. उन्होंने कहा कि सरकार को अपने वादों को पूरा करना चाहिए और नगरनार स्टील प्लांट का निजीकरण नहीं करना चाहिए.