
गोविंदा चौहान । दुर्ग । दुर्ग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मिलपारा इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतक शंकर यादव (27) कंवर पारा गंजपारा वार्ड क्रमांक 37 में रहता था। वहीं आरोपी मोनू श्रीवास्तव और सोनू श्रीवास्तव गजपारा से लगे मिलपारा में रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार की रात दोनों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मोनू श्रीवास्तव ने अपने भाई सोनू के साथ मिलकर शंकर यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
जिससे शंकर के पेट, सीना और अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों ने शंकर यादव को दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मोनू श्रीवास्तव और सोनू श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।