
रायपुर । राजधानी रायपुर के तिल्दा इलाके में एक श्रमिक की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के जिला गाजीपुर का रहने वाला 21 साल का विकास राजभर कृष्णम इंडस्ट्री में काम करता था। उसकी लाश लेबर क्वार्टर में फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली।
पुलिस ने विकास के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद विकास के शव को उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी है। पुलिस इंडस्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है।
इसी इंडस्ट्री में पिछले साल एक हादसे में श्रमिक की जान चली गई थी। इंडस्ट्री की टीन शेड में 100 फीट ऊपर काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर गए थे। जिसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
विकास के साथियों ने बताया कि देर रात खाना खाकर विकास अपने कमरे में चला गया था। सुबह जब बाहर नहीं निकला तो खिड़की से झांकने पर उसकी लाश नजर आई, इसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
फिलहाल, विकास के कमरे के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूछताछ में विकास के साथियों ने भी अब तक किसी तरह की संदिग्ध बात नहीं बताई है।