
रायपुर । अवैध कोल लेवी वसूली के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद कारोबारी सूर्यकांत तिवारी ने एसीबी चीफ अमरेश मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखित शिकायत में कहा है कि जेल अधीक्षक के चेंबर में एसीबी चीफ ने उन्हें बुलाया और धमकी दी। उन पर दबाव बनाया गया कि वे सौम्या चौरसिया के जरिए भूपेश बघेल को पैसा देने की बात कबूल करें।
सूर्यकांत तिवारी ने अपने वकील के माध्यम से रायपुर सक्षम न्यायालय की विशेष न्यायधीश को लिखित शिकायत दी है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि एसीबी चीफ ने उन्हें धमकी दी कि अगर वे नाम नहीं लेंगे तो उन्हें झूठे केस में फंसा दिया जाएगा।

उन्होंने शिकायत में कहा है कि एसीबी चीफ पिछले 3-4 महीने से लगातार जेल परिसर आते हैं और जिन कारोबारी और अफसरों पर घोटाले का आरोप लगा है, उन्हें बुलाकर पूछताछ करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि एसीबी चीफ अपराधियों की तरह व्यवहार करते हैं।
सूर्यकांत तिवारी ने अपने और परिवार के अन्य सदस्यों को खतरा होने की शिकायत भी की है। उन्होंने कहा है कि एसीबी चीफ ने उनसे कहा है कि वे सौम्या चौरसिया और भूपेश बघेल को रायपुर न्यायालय से सजा दिलाकर रहेंगे।