रिसाली महापौर की रेस में तेजस्वी सोनवानी का दमदार दावा, 40 वार्डों में सक्रियता से बढ़ाया सियासी वजन

रिसाली/दुर्ग। नगर पालिक निगम रिसाली में महापौर पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। चंद्रेश्वरी बांधे, पार्वती कुर्रे, पार्वती ढीढी, तेजस्वी सोनवानी, सुनीता कोसरे और श्रीमती महिलांगे सहित कई महिला दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। इनमें तेजस्वी सोनवानी की संगठनात्मक सक्रियता और सामाजिक भागीदारी को लेकर विशेष चर्चा हो रही है।

तेजस्वी सोनवानी बीएससी नर्सिंग शिक्षित हैं और आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर से शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे भाजपा किसान मोर्चा रिसाली मंडल की उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ महरा/महार समाज की प्रदेश उपाध्यक्ष और रुद्र सेना महिला मोर्चा की दुर्ग जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

सामाजिक सेवा और संगठन में सक्रियता बनी पहचान

तेजस्वी सोनवानी रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता, जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं दवाइयों की सहायता, पौधरोपण और महिला आत्मनिर्भरता जैसे सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और युवा संगठनों के साथ उनकी सहभागिता भी उनकी पहचान का हिस्सा है।

40 वार्डों में जनसंपर्क पर जोर

रिसाली के सभी 40 वार्डों में जनसंपर्क को तेजस्वी अपनी दावेदारी की प्रमुख ताकत मानती हैं। महिलाओं, युवाओं, श्रमिक वर्ग और बीएसपी कर्मचारी परिवारों के बीच संपर्क को उनकी राजनीतिक सक्रियता का महत्वपूर्ण आधार बताया जा रहा है।

भाजपा के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती

महापौर पद के लिए कई महिला दावेदारों के नाम सामने आने से भाजपा नेतृत्व के सामने चयन की चुनौती बढ़ गई है। संगठनात्मक योगदान, सामाजिक स्वीकार्यता, स्थानीय पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे पहलू टिकट वितरण में अहम हो सकते हैं।

13 नवंबर को हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद विजय बघेल और विधायक ललित चंद्राकर सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के बाद चुनावी गतिविधियां भी तेज हुई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को होना है। वहीं 2 दिसंबर के आसपास आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल तेजस्वी सोनवानी ने अपनी सामाजिक और संगठनात्मक सक्रियता के दम पर दावेदारी को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, अंतिम फैसला भाजपा नेतृत्व करेगा। अब देखना होगा कि रिसाली में पार्टी किस महिला चेहरे पर भरोसा जताती है।

शौर्यपथ की टीम रिसाली महापौर पद के सभी प्रमुख दावेदारों की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *