ग्रामीण बच्चों को रोबोटिक्स और AI की शिक्षा दे रही ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’, विधायक भावना बोहरा ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कवर्धा/पंडरिया। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और विज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से बच्चों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम गुढ़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके अनुभव और भविष्य के सपनों को जाना।

16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में विधायक ने बच्चों से तकनीकी गतिविधियों और प्रशिक्षण के अनुभवों पर चर्चा की। विद्यार्थियों का उत्साह देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस पहल के माध्यम से अब तक लगभग 1300 से अधिक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का अनुभव और ड्रोन उड़ाने का अवसर मिल चुका है। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज का दौर विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी रोबोटिक्स, AI और आधुनिक तकनीकों की शिक्षा मिलनी चाहिए। हमारा संकल्प है कि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों और अवसरों के अभाव में पीछे न रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।

साइंस पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, AI, ड्रोन, एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, STEM, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा AR/VR जैसी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने ग्राम गुढ़ा में नवीन खाद गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि खाद गोदाम बनने से खाद के व्यवस्थित भंडारण और वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

विधायक ने बताया कि विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में 10 निःशुल्क बस सेवाओं के माध्यम से महाविद्यालयीन छात्राओं को आवागमन की सुविधा दी जा रही है। वहीं लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, मंडल महामंत्री मनोज बंजारे एवं राजू चंद्रवंशी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष उमेश्वर साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *