कबीरधाम: गुलेल से पत्थर मारने के विवाद में व्यक्ति की हत्या, पति-पत्नी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र के ग्राम डेंगुरजाम में गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान तीन लोगों ने एकजुट होकर डंडे से हमला कर इतवारी बैगा को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम डेंगुरजाम निवासी मोहन बैगा, उसकी पत्नी आमबाई उर्फ रामबाई बैगा और पुत्र रामदयाल बैगा का अपने ही गांव के इतवारी बैगा से गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान तीनों ने मिलकर डंडे से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए। सीन ऑफ क्राइम यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मोहन बैगा (45 वर्ष), रामदयाल बैगा (20 वर्ष) और आमबाई उर्फ रामबाई बैगा (40 वर्ष), सभी निवासी ग्राम डेंगुरजाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं जब्त की गईं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 103/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुकदुर निरीक्षक संतोष मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *