

भिलाई। सेक्टर-6 सहित टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में जर्जर आवासों को लेकर लीजधारियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भिलाई विकास मंच ने शुक्रवार को भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। मंच का कहना है कि करीब 250 लीजधारी परिवारों को आवास खाली करने के नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन उन्हें विकल्प के तौर पर ऐसे आवास दिए जा रहे हैं, जो मौजूदा आवासों से भी अधिक जर्जर और छोटे हैं।
भिलाई विकास मंच के संयोजक नितेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर सेवा विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (प्रभारी) को ज्ञापन सौंपा। मंच ने मांग की कि जर्जर आवासों के स्थान पर लीजधारियों को रहने योग्य आवास उपलब्ध कराए जाएं।
ज्ञापन में लीजधारियों की राय के अनुरूप आवास आवंटित करने, नए आवास के साथ आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने तथा स्वतंत्र आवास देने सहित चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं। मंच ने मांग की है कि लीजधारियों को M1 (1Z) या उसके समकक्ष आवास उपलब्ध कराया जाए।
मंच के अनुसार, सेक्टर-6, सेक्टर-7 और सेक्टर-8 में Q1, Q2 और Q3 प्रकार के आवासों में रहने वाले लीजधारियों को लगातार आवास खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं। संगठन का आरोप है कि विकल्प के रूप में उपलब्ध कराए जा रहे आवास अपेक्षाकृत छोटे और जर्जर हैं।
भिलाई विकास मंच के संयोजक नितेश मिश्रा ने कहा कि वर्षों तक भिलाई इस्पात संयंत्र में सेवा देने वाले लीजधारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और लाइसेंसधारियों के आवास से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रबंधन पर लीजधारियों के प्रति दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए आने वाले दिनों में वृहद आंदोलन की चेतावनी दी।
मंच ने कहा है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो भिलाई विकास मंच द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संयोजक नितेश मिश्रा के अलावा राकेश सिंह, अमित जैन, सुदामा नायक, राजेश गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
