शेयर ट्रेडिंग में करोड़ों के मुनाफे का झांसा, परिवार के 10 लोगों से 3.04 करोड़ ऐंठे; 2 करोड़ लौटाए बिना फरार था आरोपी


दुर्ग::राहुल बारले:- शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर परिवार के 10 सदस्यों से करोड़ों रुपये निवेश कराने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने शिकायत के चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों से कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए थे। इनमें से 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।
मामला सिटी कोतवाली दुर्ग थाना क्षेत्र का है। प्रेम सागर चौक, वार्ड क्रमांक 06 बैगापारा निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56 वर्ष) ने 29 अगस्त 2026 को पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्रकाश सिन्हा (32 वर्ष) ने खुद की शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने और उसमें पैसा लगाने पर ज्यादा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था।
3 करोड़ से ज्यादा की रकम कराई ट्रांसफर
पुलिस के मुताबिक आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी और उसके परिवार के कुल 10 सदस्यों ने निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों से आरोपी के खाते में रकम ट्रांसफर की। यह लेन-देन 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच हुआ। इस दौरान कुल 3,04,50,000 रुपये आरोपी के खातों में भेजे गए।
आरोपी ने निवेशकों को भरोसा बनाए रखने के लिए 1,03,60,000 रुपये वापस भी किए, लेकिन शेष 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की पतासाजी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद प्रकरण से संबंधित साक्ष्यों के संकलन के दौरान आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा आरोपी
आरोपी प्रकाश सिन्हा अमलेश्वर, तहसील भिलाई-03, जिला दुर्ग का निवासी है और वर्तमान में ग्राम कोनार, मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस मामले में बैंक खातों के लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने निवेशकों को किया सावधान
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन निवेश या किसी वित्तीय योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन किसी व्यक्ति के खाते में रकम ट्रांसफर न करें। संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *