
दुर्ग::राहुल बारले:- रायपुर में 2 सितंबर 2026 को आयोजित VVIP कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जाम और यातायात दबाव से बचने के लिए अलग-अलग मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
राजनांदगांव की ओर से आने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास से पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, मचांदुर, गाड़ाडीह, मर्रा, फुंडा, पाटन और तरीघाट होते हुए रायपुर भेजा जाएगा।
वहीं, सिरसा गेट चौक से मध्यम एवं छोटे वाहनों को अंडरब्रिज, सिरसा कला, औरी, अमलीडीह, मोतीपुर, पाटन और तरीघाट होते हुए रायपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, मचांदुर, गाड़ाडीह, मर्रा, फुंडा, पाटन और तरीघाट होते हुए रायपुर का रूट निर्धारित किया गया है।
इसी तरह धमधा और अहिवारा की ओर से आने वाले वाहनों को अहिवारा, मुरमुंदा चौक, ओटेबंद, गुधेली, बाना, कंकारका, पाथर्डीह और उरला (रायपुर) मार्ग से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने बताया कि BSP प्लांट तथा हाथखोज/ट्रांसपोर्ट नगर से भी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी वाहनों को रायपुर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
कुम्हारी मार्ग से बचने की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि 2 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक कुम्हारी मार्ग का उपयोग न करें। जाम से बचने के लिए अपने क्षेत्र के निर्धारित डायवर्सन मार्ग का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।