
दुर्ग::दीपाली तिवारी:- सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लोहे के धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोसानगर स्थित कुर्मी भवन के सामने एक व्यक्ति धारदार लोहे का हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान ईरजाद कुरैशी (33), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।
इसी तरह दूसरी सूचना डेरा बस्ती, फरीद नगर क्षेत्र से मिली, जहां एक युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना थी। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने हथियार झाड़ी में फेंक दिया। पुलिस ने हथियार बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बजरंग गायकवाड (22), निवासी न्यू कृष्णा नगर, सुपेला के रूप में हुई।
आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों मामलों में पृथक-पृथक अपराध दर्ज किया है। ईरजाद कुरैशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1288/2026 तथा बजरंग गायकवाड के खिलाफ अपराध क्रमांक 1289/2026 दर्ज किया गया। दोनों मामलों में आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या लोगों को डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, पीएसआई अक्षय साहु, विजेन्द्र डहरिया, आरक्षक हेमलाल वर्मा, कीशोर भगत, मिथलेश साहु, प्रदीप सिंह एवं निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।