धमधा क्षेत्र में 3 नए आंगनबाड़ी भवनों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, ₹35.07 लाख होंगे खर्चपंचदेवरी, सांकरा और मुडपार में बनेंगे भवन, बच्चों को मिलेगी सुरक्षित सुविधा; ग्रामीणों को रोजगार के अवसर


दुर्ग::राहुल बारले:- धमधा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बच्चों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (जी-राम-जी) योजना के तहत जनपद पंचायत धमधा क्षेत्र में तीन नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं अनुमोदन के बाद जिला पंचायत दुर्ग ने इन तीनों निर्माण कार्यों के लिए कुल 35.07 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। ग्राम पंचायत पंचदेवरी, सांकरा और मुडपार में एक-एक नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक भवन के लिए 11.69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ बजरंग दुबे ने बताया कि नए भवनों के निर्माण से आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बच्चों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
स्वीकृत राशि में 19.89 लाख रुपये सामग्री मद तथा 11.07 लाख रुपये अकुशल श्रम मद के लिए प्रावधानित हैं। योजना के तहत निर्माण कार्य होने के साथ स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
प्रशासन के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। नए भवन बनने से इन सेवाओं का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर प्राप्त मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। भवन निर्माण से गांवों में आवश्यक सामुदायिक परिसंपत्तियों का विकास होने के साथ ग्रामीणों की आजीविका और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *