
दुर्ग:-छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। इस बार होटल, टूर ऑपरेटर, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म सहित कुल 10 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं।

इन 10 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
पुरस्कार के लिए सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, सर्वश्रेष्ठ पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
पर्यटन के साथ रोजगार और पर्यावरण पर भी जोर
पुरस्कारों के लिए केवल आर्थिक प्रदर्शन को आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा।
वहीं पर्यटन स्टार्टअप एवं उद्यमिता श्रेणी में नए विचारों, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडल के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई दिशा देने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। होमस्टे श्रेणी में स्थानीय व्यंजन, उत्पाद, ग्रामीण रोजगार और समुदाय की भागीदारी जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
सोशल मीडिया के जरिए पर्यटन प्रचार को भी मिलेगा सम्मान
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, ऐतिहासिक स्थलों और साहसिक गतिविधियों को रील्स, वीडियो एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
इसी तरह इको-टूरिज्म श्रेणी में नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और स्थानीय ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों को पर्यटन से जोड़ने वाली पहलों को प्राथमिकता दी जाएगी। एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण साहसिक गतिविधियों और नए पर्यटन उत्पाद विकसित करने वाले संचालकों का चयन किया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकते हैं आवेदन
इच्छुक पात्र व्यक्ति, संस्थाएं और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक 15 सितंबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और मापदंडों के आधार पर विभाग/निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का यह पुरस्कार पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, सतत पर्यटन और स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने के साथ राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।