भिलाई में पट्टे की जमीन पर अवैध कब्जा

भिलाई-भिलाई के कैंप-1 स्थित मदर टेरेसा नगर में पट्टे की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। जमीन के मालिक गुलाब चन्द ने दुर्ग कलेक्टर को शिकायत देकर भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी रेखा गुप्ता और उसके भाई दिनानाथ गुप्ता पर जमीन पर अवैध कब्जा करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, गुलाब चन्द के पास वर्ष 2012 की पट्टे की जमीन है, जो दिनानाथ गुप्ता की जमीन से लगी हुई है। आरोप है कि दिनानाथ गुप्ता ने अपनी जमीन के साथ शिकायतकर्ता की जमीन पर भी गड्ढा खोदकर कब्जा करने की कोशिश की।
गुलाब चन्द का आरोप है कि इस मामले को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और उन्होंने थाना छावनी, सीएसपी, एसपी, कलेक्टर कार्यालय और भिलाई नगर निगम में शिकायतें दी हैं।
शिकायत में रेखा गुप्ता पर कथित तौर पर राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, 14 अगस्त 2026 को हुई कथित घटना को लेकर गुलाब चन्द ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता और दिनानाथ गुप्ता ने उन्हें धक्का दिया और हाथ भी नोचा, जिससे उन्हें गंभीर चोट लग सकती थी।
फिलहाल शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से अपनी जमीन पर कथित अवैध कब्जा रोकने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *