
भिलाई । भिलाई के जोन-2 स्थित वार्ड-26 के आजाद चौक में हाल ही में बनी करीब 70 फीट ऊंची पानी टंकी लोगों की चिंता का कारण बन गई है। टंकी का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन इसकी टेस्टिंग अभी तक नहीं हुई है। इसके बावजूद मोहल्ले के बच्चे और युवा जान जोखिम में डालकर टंकी की सबसे ऊपरी मंजिल तक पहुंच रहे हैं। वहां फोटोशूट करने और खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में कुछ बच्चे टंकी के शीर्ष पर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। सबसे चिंताजनक दृश्य तब सामने आता है जब एक बच्चा करीब 70 फीट की ऊंचाई पर बैठकर अपने दोनों पैर टंकी से बाहर लटका देता है। जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात है, लेकिन इसके बावजूद बच्चे किसी तरह ऊपर पहुंच जाते हैं। गार्ड कई बार समझाइश दे चुका है, फिर भी उसकी बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।