कबाड़ में मिली पेन ड्राइव ने खोला करोड़ों का खेल, खजूर कारोबारी ने भरे ₹1.30 करोड़

रायपुर । रायपुर में स्टेट जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई ने करोड़ों के कारोबार का खुलासा कर दिया है। खजूर के कारोबार से जुड़े एक बड़े व्यापारी पर विभाग ने 1 करोड़ 30 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है। खास बात यह रही कि पूरे मामले का राज कबाड़ में रखे एक कंप्यूटर और उसमें लगी पेन ड्राइव ने खोल दिया।

जानकारी के मुताबिक, स्टेट जीएसटी विभाग को सूचना मिली थी कि शहर के चर्चित कारोबारी एसएन ट्रेडर्स का देवपुरी में बड़ा गोदाम है, जहां से बड़े पैमाने पर खजूर का कारोबार किया जाता है। व्यापारी विदेश से खजूर मंगाकर छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में सप्लाई करता था।

लंबी तलाश के बाद विभाग को गोदाम का पता चला और छापेमारी की गई। शुरुआती जांच में कुछ खास नहीं मिला, लेकिन कबाड़ में रखे एक कंप्यूटर में लगी पेन ड्राइव ने पूरा खेल उजागर कर दिया।

डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में करोड़ों रुपये के ऐसे कारोबार का खुलासा हुआ, जिसे जीएसटी रिटर्न में नहीं दिखाया गया था। इसके बाद विभाग ने कारोबारी पर 1 करोड़ 30 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई।

वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए कारोबारी ने एकमुश्त 1.30 करोड़ रुपये का कर और पेनाल्टी जमा कर दी। बताया जा रहा है कि खजूर के कारोबार में यह स्टेट जीएसटी विभाग की अब तक की सबसे बड़ी वसूली मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *