बिलासपुर में कारोबारी के सूने मकान में 5 करोड़ की बड़ी चोरी! AC हटाकर घर में घुसे चोर, सोने-चांदी और कीमती रत्न ले उड़े

बिलासपुर ।बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती रत्न समेत करीब 5 करोड़ रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि चोरी गए सामान और रकम की वास्तविक पुष्टि मकान मालिक दंपत्ति के वापस लौटने के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर कारोबारी रजनीश सेठ का मकान है। रजनीश सेठ और उनकी पत्नी तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया और घर में दाखिल होकर एक-एक कमरे की तलाशी लेते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि चोरों ने एसी को हटाकर घर में प्रवेश करने का रास्ता बनाया और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घर में रखे कीमती सामान, आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी के एक मित्र ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है। टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और कारोबारी दंपत्ति के लौटने के बाद चोरी की वास्तविक रकम और सामान का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *