भिलाई होटल मौत मामला: पोस्टमार्टम में फांसी से मौत की पुष्टि, जांच के बाद युवती को सखी सेंटर से भेजा गया घर

भिलाई। स्मृति नगर थाना क्षेत्र स्थित कुणाल होटल में 19 वर्षीय शादाब शेख की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शादाब की मौत फांसी लगाने से होने की बात सामने आई है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय शादाब के साथ 23 वर्षीय युवती भी होटल में मौजूद थी। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से युवती को सखी सेंटर में रखा गया था। बुधवार को पुलिस ने उसे उसके घर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद शादाब के परिजन युवती पर कई तरह के आरोप लगा रहे थे, जिसके चलते वह काफी डर गई थी।

जांच में सामने आया है कि शादाब और युवती 8 जुलाई को होटल पहुंचे थे। दोनों ने रात में साथ समय बिताया। इसी दौरान शादाब के मोबाइल पर उसकी पूर्व प्रेमिका का फोन आया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। कुछ समय बाद युवती सो गई और इसी दौरान शादाब ने कमरे में फांसी लगा ली।

सुबह युवती की नींद खुलने पर उसे घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसने शादाब के एक दोस्त को फोन कर पूरी घटना बताई। दोस्त मौके पर पहुंचे और शादाब को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद युवती काफी घबरा गई थी और उसे आशंका थी कि कहीं उस पर हत्या का आरोप न लग जाए। इसी डर के चलते उसने खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की और घटना को लेकर भ्रम पैदा करने वाले कदम उठाए।

वहीं, शादाब के परिजन इस मामले को शुरू से ही संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *