
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक के पास एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। घर के अंदर शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और परिवार के तीन अन्य सदस्य शामिल हैं। परिवार किराए के मकान में रहता था। घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस घर में मौजूद सामान, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच कर रही है। इसके साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और परिवार से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है।
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई के अनुसार, संजय नगर के मदनी चौक क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में मातम और लोगों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, FSL जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।