
दुर्ग::अंकिता राज:- आगामी त्योहारों को देखते हुए दुर्ग पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में डीजे, साउंड सिस्टम, पंडाल और किराया भंडार संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के 50 से अधिक संचालक शामिल हुए।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम का संचालन निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि स्तर को निर्धारित सीमा में रखने तथा रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों और वाद्य यंत्रों का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने डीजे संचालकों को ध्वनि मापक यंत्र उपलब्ध रखने और निर्धारित मानकों के अनुसार ही साउंड संचालित करने को कहा। वहीं वाहनों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र या वाद्य यंत्रों के इस्तेमाल पर भी रोक संबंधी निर्देश दिए गए। अस्पताल, स्कूल, न्यायालय और सरकारी कार्यालयों के आसपास निर्धारित 100 मीटर क्षेत्र को साइलेंस जोन के प्रावधानों के तहत रखने की बात कही गई।
पंडाल लगाने से पहले अनुमति जरूरी
पंडाल संचालकों को निर्देशित किया गया कि पंडाल व्हाइट मार्किंग के पीछे ही लगाए जाएं। मुख्य मार्ग, आवागमन और आपातकालीन रास्तों को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जाए। पंडाल लगाने से पहले नगर निगम और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं अनापत्ति प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा पंडालों में फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिसिटी सेफ्टी के मानकों का पालन करने तथा आयोजन से पहले पंडाल की क्षमता और संरचना का आवश्यक सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ने संचालकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण, यातायात अवरोध और सुरक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन न करें तथा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।