सुपेला में हथियार लहराकर राहगीरों को डराने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार


भिलाई::राहुल बारले:- सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने के मामलों में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार धारदार लोहे के हथियार बरामद किए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को सुपेला क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचनाएं मिली थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ा।
पहली कार्रवाई भिलाई नगर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गोठान के पास की गई। यहां पुलिस को देखकर आरोपी ने हथियार झाड़ियों में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान नवीन निषाद (23) के रूप में हुई।
दूसरी कार्रवाई न्यू कृष्णा नगर में चन्द्राकर दुकान के पास की गई, जहां पुलिस ने गोलु जांगडे (32) को धारदार हथियार के साथ पकड़ा।
इसी तरह लक्ष्मी मार्केट चिकन दुकान के पास रोड से पुलिस ने राजकुमार देशलहरे (19) को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया। वहीं संजय नगर दशहरा मैदान क्षेत्र से भोजराज रात्रे (25) को हथियार के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1281/2026 से 1284/2026 तक अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक और आवागमन वाले स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में भय पैदा करने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *