
दुर्ग। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। रामनगर स्थित एक पीजी में घुसकर एक युवक ने 19 वर्षीय युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी खुशी साहू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह भिलाई में रहकर एक कैफे में काम करती थी और रामनगर स्थित पीजी में रहती थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय खुशी अपने पीजी में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
वारदात की जानकारी मिलते ही पीजी में रहने वाली अन्य युवतियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।