
रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्पा सेंटरों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के 10 स्पा सेंटरों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों, कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि स्पा सेंटरों का संचालन शासन के निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार हो रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सभी दस्तावेज अद्यतन रखने, सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने और शासन के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई गई तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।