
दुर्ग। ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 150 नग अल्फाजोलम टेबलेट और बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त टेबलेट की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रीन चौक निवासी राहुल गाडा (20) धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 10 स्ट्रीप में कुल 150 नग अल्फाजोलम टेबलेट (करीब 30 ग्राम) और बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेचकर आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।