रायपुर: शराब के विवाद में जीजा ने साले की हत्या, खारुन नदी किनारे वारदात



रायपुर। रायपुर ग्रामीण के कुम्हारी थाना क्षेत्र में खारुन नदी किनारे एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही साले की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


मिली जानकारी के अनुसार, मृतक घनश्याम यादव (30) ग्राम पल्सीपानी, थाना कोमाखान, जिला महासमुंद का रहने वाला था। आरोपी गोप सिंह बरिहा (45) भी उसी गांव का निवासी है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे और कुम्हारी स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करते थे।
बताया गया कि 8 अप्रैल 2026 को दोनों सिलतरा स्थित शराब भट्टी गए थे, जहां उन्होंने साथ में शराब पी। इसी दौरान गोप सिंह ने घनश्याम को 150 रुपए दिए थे ताकि वह और शराब लेकर आए, लेकिन घनश्याम ने वह शराब अकेले ही पी ली। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
अगले दिन 9 अप्रैल को दोनों खारुन नदी नहाने पहुंचे। इसी दौरान घनश्याम शौच जाने के बहाने नदी किनारे चला गया। पीछे-पीछे पहुंचे गोप सिंह ने उसे मेढ़ से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया।
घटना छिपाने के इरादे से आरोपी ने अपने गमछे से घनश्याम का गला कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी गोप सिंह बरिहा को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *