भिलाई स्टील प्लांट से 210 किलो कॉपर वायर चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना गिरफ्तार


दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने तांबा तार चोर गिरोह के सरगना और निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले ही लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर और घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त किए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) भिलाई स्टील प्लांट इकाई की लिखित रिपोर्ट पर 03 फरवरी 2026 को थाना भिलाई भट्ठी में प्रकरण दर्ज किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र के जलभवन के पीछे स्थित प्रोपेन प्लांट के पास से कॉपर वायर चोरी की गई है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी संतोष निषाद (35 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी शत्रुघन धनकर और अन्य के साथ मिलकर प्लांट की बाउंड्री वॉल पार कर अंदर प्रवेश करने और हुंडई सेंट्रो कार (क्रमांक CG-04-E-9100) में लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर लोड कर चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी की गई सामग्री को ले जाते समय CISF की टीम ने आरोपियों को पकड़ लिया था।
आरोपी के कब्जे से करीब 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 1,36,500 रुपये है, तथा घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त कर लिया गया। संतोष निषाद को पूर्व में न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
आगे की जांच में आरोपी की निशानदेही पर गिरोह के सरगना शत्रुघन धनकर, निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 06 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी की टीम की सक्रिय और प्रभावी भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से संगठित चोरी का खुलासा हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *