
दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलगांव थाना क्षेत्र की चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.330 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये है, और नगदी रकम बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करंजा भिलाई में वेयर हाउस गोडाउन के सामने नहर किनारे एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी अनिल पारधी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सफेद रंग के थैले में रखा 1.330 किलोग्राम गांजा और बिक्री की 700 रुपये नगदी बरामद हुई। पूछताछ में अनिल पारधी ने गांजा देवा पारधी, निवासी मुंगेली से खरीदकर लाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आपूर्तिकर्ता बताए गए देवा पारधी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नगद बरामद किए गए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 0841/2026 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) एवं 27(a) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या वितरण की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।