
दुर्ग:
दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम विक्रय के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान से अफीम मंगवाकर भिलाई क्षेत्र में उसकी बिक्री करता था और स्वयं भी नशे का आदी था। वह संगठित रूप से मादक पदार्थों की बिक्री में शामिल था और मुख्य रूप से ट्रक चालकों को अफीम की आपूर्ति करता था।
15 जनवरी 2026 को पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि एक व्यक्ति महाराणा प्रताप चौक, सेक्टर-06 भिलाई के पास मोटरसाइकिल में अवैध मादक पदार्थ लेकर ग्राहकों की तलाश में घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलवीर सिंह, उम्र 65 वर्ष, निवासी सेक्टर-06 भिलाई नगर बताया। आरोपी और उसकी मोटरसाइकिल की विधिवत तलाशी लेने पर डिग्गी से प्लास्टिक में छिपाकर रखी गई 205 ग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री की नगदी 500 रुपये, एक मोबाइल फोन और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 80,500 रुपये है।
इस मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 22(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी अकेले इस अवैध कारोबार में शामिल नहीं था। पुलिस द्वारा उसके संपर्कों, सप्लायर और पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान के लिए सघन जांच की जा रही है। मुख्य स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
नाम – बलवीर सिंह
उम्र – 65 वर्ष
निवासी – सेक्टर-06, भिलाई नगर