सड़क सुरक्षा माह 2026: बाफना टोल और रसमड़ा चौक पर चला विशेष यातायात जागरूकता अभियान



दुर्ग:
सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बाफना टोल एवं रसमड़ा चौक पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक एवं भारी वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।


अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति और रैश ड्राइविंग से बचने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने संबंधी समझाइश दी गई। यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।
रसमड़ा चौक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें निःशुल्क सेफ्टी जैकेट वितरित की गई, जिससे कम रोशनी और रात्रिकालीन समय में उनकी दृश्यता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
इसी क्रम में बाफना टोल प्लाजा पर टोल प्रबंधन एवं कर्मचारियों के सहयोग से मालवाहक और भारी वाहनों में निःशुल्क रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए, ताकि रात्रि के समय वाहनों की पहचान दूर से हो सके और पीछे से आने वाले वाहन चालकों को समय रहते संकेत मिल सके।
इस अभियान के माध्यम से वाहन चालकों, श्रमिकों और टोल कर्मियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *