रायपुर में ठंडे भजिया के विवाद में दोस्त की हत्या, आरोपी सनी साहू गिरफ्तार


रायपुर। थाना खम्हारडीह क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी नालापारा में काम करने वाले युवक की उसके ही साथी ने हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सनी साहू और दुर्गेश सतनामी दोनों साहू डेयरी में काम करते थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। दुर्गेश डेयरी परिसर में ही रहता था। दिनांक 23-24 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात दोनों पहले से शराब के नशे में थे और फिर डेयरी में बैठकर दोबारा शराब पी रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश सतनामी खाने के लिए भजिया लेकर आया, जो ठंडा हो चुका था। ठंडा भजिया लाने की बात पर सनी साहू ने विवाद किया और पास में पड़े लोहे के रॉड से दुर्गेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद सनी साहू दुर्गेश को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दुर्गेश सतनामी पिता मोहन सतनामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी कचना थाना खम्हारडीह रायपुर के रूप में हुई है।
मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 405/25 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खम्हारडीह पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जप्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक दोनों डेयरी में साथ काम करते थे और दोस्त थे। ठंडा भजिया लाने को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद मृतक को अस्पताल ले गया था और शव के पास बैठकर लगातार रोते हुए पश्चाताप करता रहा।
गिरफ्तार आरोपी:
सनी साहू पिता राजेश साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गा चौक शनि मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *