एसटीएफ जवानों को SBI अधिकारियों द्वारा “Pay, Finance Management” पर विशेष प्रशिक्षण


दुर्ग । एसटीएफ मुख्यालय बघेरा में भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों द्वारा एसटीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारियों को “Pay, Finance Management” विषय पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को मासिक वेतन का बेहतर प्रबंधन करने, वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के उपायों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक एसटीएफ त्रिलोक बंसल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयंत वैष्णव की उपस्थिति में एसबीआई शाखा प्रबंधक कौस्तुभ वर्मा एवं उनकी टीम ने PSP योजना के अंतर्गत मिलने वाले विशेष लाभों — जैसे जीरो बैलेंस खाता, पर्सनल लोन पर रियायती ब्याज दर, दुर्घटना बीमा सुरक्षा और अन्य बैंकिंग सुविधाओं — की जानकारी दी। साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव और वित्तीय सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।

अधिकारियों ने विभिन्न पॉलिसियों के माध्यम से आर्थिक सुरक्षा एवं परिवार के वित्तीय संरक्षण के उपायों पर चर्चा की। कार्यक्रम में उपस्थित जवानों ने बैंक प्रतिनिधियों से अपने प्रश्न पूछे और दी गई जानकारी को अत्यंत उपयोगी बताया।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि एसटीएफ के जवान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्य करते हैं, जहाँ हर पल जान का खतरा रहता है। ऐसे में अपने परिवार की सुरक्षा और भविष्य के लिए वित्तीय अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने जवानों से अनावश्यक ऋण लेने से बचने और प्रतिमाह वेतन से कुछ बचत करने की अपील की। बंसल ने कहा कि वित्तीय अनुशासन बनाए रखकर जवान अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकते हैं और अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकते हैं।

यह पहल पुलिस कर्मियों के आर्थिक कल्याण और वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एसटीएफ के जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक एसटीएफ द्वारा एसबीआई टीम को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *