
रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गांजा तस्करी में शामिल दो युवतियों समेत चार आरोपियों को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा है। गंज थाना क्षेत्र के मालधक्का रोड, तेलघानी नाका चौक के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से कुल 23 किलो 110 ग्राम गांजा, पांच मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.48 लाख रुपये आंकी गई है।
ऐसे हुआ खुलासा:
दिनांक 19 जून को गंज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध हालत में गांजा लेकर बिक्री के इरादे से मालधक्का रोड पर खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी टास्क फोर्स (ATS) और गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चारों की घेराबंदी कर दी और गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आए नाम:
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम श्याम तांडी, शिवा बघेल, निशा बग्गा और ईशा बग्गा बताए। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग से 23 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसे हरे रंग के पॉलीथीन में छिपाकर रखा गया था।
बरामद सामग्री का विवरण:
- गांजा: 23 किलो 110 ग्राम (मूल्य: लगभग ₹2.30 लाख)
- मोबाइल फोन: 5 नग
- स्कूटी (एक्सेस): 1 नग
- कुल जब्त सामग्री का मूल्य: लगभग ₹4.48 लाख
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पता:
- श्याम तांडी, पिता मतीराम तांडी (उम्र 35 वर्ष), निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, रूपनगर उड़िया बस्ती, जिला दुर्ग।
- शिवा बघेल, पिता नकुल बघेल (उम्र 35 वर्ष), निवासी कोटा स्टेडियम के पास, थाना सरस्वती नगर, रायपुर।
- निशा बग्गा, पिता परमेश्वर बग्गा (उम्र 26 वर्ष), निवासी भिलाई-3, मस्जिद के पीछे, जिला दुर्ग।
- ईशा बग्गा, पिता परमेश्वर बग्गा (उम्र 21 वर्ष), निवासी भिलाई-3, मस्जिद के पीछे, जिला दुर्ग।
नोट: पुलिस द्वारा यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से ला रहे थे और किन-किन को सप्लाई किया जा रहा था।