
दुर्ग। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने पावर हाउस से सुपेला क्षेत्र तक विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान में सड़क किनारे और नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने तथा मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश दी।
सड़क पर वाहन प्रदर्शन करने वाले ऑटो डीलरों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क पर वाहन खड़े कर बिक्री अथवा प्रदर्शन करने वाले ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहनों को कार्रवाई के लिए थाना छावनी में धारा 152 के तहत सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार सड़क पर वाहनों को खड़ा करने से आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी होती है और यातायात बाधित होने की स्थिति बनती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने ऑटो डीलरों को मौके पर समझाइश देते हुए कहा कि सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़े न करें। वाहनों को निर्धारित अथवा निजी स्थान पर ही पार्क किया जाए।
मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने पर 8 वाहन कार्रवाई की जद में
यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों की भी जांच की। इस दौरान मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करते पाए गए 8 वाहनों के खिलाफ परमिट शर्तों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना दुर्घटना की दृष्टि से जोखिमपूर्ण है और वाहनों का संचालन निर्धारित परमिट एवं यातायात नियमों के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन संचालकों से नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन नहीं खड़ा करने, मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।