तेज रफ्तार का कहर: तखतपुर में अनियंत्रित कार दीवार से टकराई, तीन की मौत, दो गंभीर घायल



तखतपुर। तेज रफ्तार ने एक बार फिर तीन जिंदगियों को निगल लिया। बिलासपुर-मुंगेली राज्य मार्ग पर बिनौरी गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 112 एंबुलेंस की मदद से बिलासपुर सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

ऐसे हुआ हादसा:
जानकारी के अनुसार, काठाकोनी और खजुरी नवागांव के रहने वाले पवन रात्रे, सुरेश वासुदेव, विजय राजपूत, मोनू यादव और जयंत वैष्णव बिलासपुर में प्लंबर का काम करने के बाद एक ही कार से वापस गांव लौट रहे थे। दोपहर के समय जब वे ग्राम बिनौरी मोड़ के पास पहुंचे, तभी कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई।

मौत और घायलों की स्थिति:
टक्कर इतनी जोरदार थी कि काठाकोनी निवासी पवन रात्रे और खजुरी नवागांव निवासी सुरेश वासुदेव व विजय राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मोनू यादव और जयंत वैष्णव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को बिलासपुर सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत बेहद गंभीर है।

पुलिस जांच में जुटी:
पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण न खो पाने को मुख्य कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *