हुडको भिलाई में बड़ी चोरी का खुलासा, सात आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार, 7.5 लाख की संपत्ति बरामद

भिलाई। हुडको भिलाई क्षेत्र में मकान से की गई बड़ी चोरी की वारदात का भिलाई नगर पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए सात आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये की चोरी गई संपत्ति जब्त की गई है, जिसमें सोने के जेवर, लैपटॉप, एसी, गैस सिलेंडर, बर्तन, कपड़े, एक फिएट कार, नगदी और चोरी में प्रयुक्त वाहन शामिल हैं।

प्रार्थी तिमिर भट्टाचार्जी (63) ने 13 जून 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई से 5 जून 2025 के बीच आमदी नगर, हुडको स्थित उनके मकान से अज्ञात चोरों ने लैपटॉप, पुराना एसी, दो गैस सिलेंडर, शादी में मिले बर्तन और कपड़े चोरी कर लिए। इस पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 248/2025 धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आशीष दास उर्फ चिंटू हाल ही में एक फिएट कार लेकर घूम रहा है। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों अमन सिंह, शशांक बाघ, जैकी चंदेल, जितेंद्र चंदेल और कार्तिक कुमार के साथ मिलकर मकान की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी।

1 जून की रात आरोपियों ने मिलकर मकान से लैपटॉप, दो सिलेंडर, विंडो एसी, कांच के बर्तन, कपड़े और आलमारी तोड़कर उसमें रखी सोने की चूड़ी और लॉकेट चोरी किया। चोरी के सामान को एक्टिवा और ऑटो की मदद से ले जाया गया। सोने की चूड़ी और लॉकेट को बेचकर आरोपी आशीष ने फिएट कार (CG 04 DL 0330) खरीदी।

पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी की गई संपत्ति अलग-अलग स्थानों से जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी –

  1. आशीष दास उर्फ चिंटू (25 वर्ष), हुडको भिलाई
  2. अमन सिंह (21 वर्ष), तालपुरी भिलाई
  3. शशांक बाघ (29 वर्ष), रायपुर नाका, दुर्ग
  4. जैकी चंदेल (22 वर्ष), दुर्ग
  5. जितेंद्र चंदेल उर्फ जीतू (31 वर्ष), दुर्ग
  6. शिवान सतपथी (33 वर्ष), हुडको भिलाई
  7. एक अपचारी बालक

इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस और एसीसीयू टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *