
भिलाई। थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत अंग्रेजी शराब दुकान, नंदनी रोड भिलाई के पास हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब लेने पहुंचे व्यक्ति की जेब से मोबाइल झपटकर वारदात को अंजाम दिया था।
प्रार्थी निखिल कुमार पाठक, निवासी सड़क 14, जोन 01, सोनिया गांधी नगर भिलाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जून की रात वह शराब दुकान गया था, उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से करीब 8,000 रुपये कीमत का मोबाइल झपट लिया और मौके से भाग गया। इस शिकायत पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 317/2025, धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ही शराब दुकान के सामने खड़े व्यक्ति की जेब से मोबाइल झपटा था। मामले की गंभीरता और अजमानतीय प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी छावनी के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पांडेय, सउनि विनय कुमार रजक, आरक्षक तालेन्द्र चंद्राकर, धर्मेन्द्र सिंह, आकाश तिवारी एवं महताब की टीम ने त्वरित और सराहनीय भूमिका निभाई।
गिरफ्तार आरोपी –
एन. अरुण, पिता एन. जोसेफ, निवासी देना बैंक के पीछे, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
पुलिस ने जनता से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों या शराब दुकानों के आसपास सतर्क रहें और मोबाइल या कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें।