
दुर्ग – सुविधि इस्पात, रसमड़ा में स्पंज आयरन की चोरी और आपराधिक गबन के मामले में पुलिस ने दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपनी के चीफ कमर्शियल ऑफिसर प्रवीण दत्त शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि 9 मई की रात 10:02 बजे से 10 मई दोपहर 2:16 बजे के बीच ट्रक क्रमांक CG04 MC6647 में तय सीमा से अधिक मात्रा में स्पंज आयरन भरकर चोरी की गई।
कंपनी के कर्मचारी निखिल राजपूत और मुकेश निषाद ने ट्रक चालक अमन सिंह के साथ मिलकर 49.56 टन लोड के अतिरिक्त 5.24 टन (कीमत 1,20,630 रुपये) स्पंज आयरन अधिक लोड कर गबन किया।
शक होने पर ट्रक चालक वाहन को कंपनी में ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा की गई जांच में ट्रक और गबन किया गया स्पंज आयरन बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले दो-तीन महीनों से हर ट्रिप के बदले ट्रक चालक से 10-10 हजार रुपये लेते थे। इस रकम को आपसी मौजमस्ती में खर्च किया जाता था।
पुलिस ने निखिल राजपूत और मुकेश निषाद को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, फरार ट्रक चालक अमन सिंह की पतासाजी जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उनि खगेन्द्र पठारे, सउनि रेमन साहू, आरक्षक ऋषि यादव, प्रधान आरक्षक मेघराज चेलक, आरक्षक अश्वनी और राजकुमार चंद्रा (एसीसीयू) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।